Posts

कल, आज और अभी

कल, उधार के सिक्कों में उलझी ज़िन्दगी थी बेवक्त नाराज़ लेकिन बेहिसाब जायज़। रहती साथ इस शर्त पे कि, साथ की मेरी - सुबह बोझिल, रात बेचैन सिकुड़े से भौं, डरे से नैन बस सपने वही.... कद से कहीं ऊंचा...हर वक़्त। आज, सड़क पर कुछ लोग दिखे जो दिख जाते हैं रोज़ाना। ना हाथों में सिक्के ना चप्पल हुए होंगे पैरों में- यूं कि, मैं जानता हूं उनको। बस पुश्तैनी संपत्ति का फ़र्क और थोड़े कपड़ों का फ़र्क- जो कि मेरा भी नहीं है। जवाब सामने था, और, दिखा भी। अभी, कोई पुरानी फ़िल्म रवां है लैपटॉप के पर्दे पर। दो हीरो दो हीरोइन और, एक विलेन, जिसे मरना है अंत में।

गुलज़ार साहब की ऐश ट्रे

ये जो नीली रेखाओं के बीच रेंगता चला आ रहा हूं मैं ये को बीच सपने में जाग कर लिखता चला आ रहा हूं मैं - तुम्हें सच जान के, माने बग़ैर कि तुम दूर कहीं सड़क के छोर पे खड़ी हो किसी और की ऊंगली पकड़ के, जिसे छोड़ना सही भी नहीं। ख़ैर, आख़िरी पन्ने पे ठीक वैसी एक तस्वीर बनाई है मैंने जिसमें तुम, मैं और तुम्हारा ' वो ' भी है। सच कहूं, उस पन्ने को अक्सर मोड़ मोड़ के खींच लेता हूं मैं तुम्हें, उससे। ज़बरदस्ती नहीं, लेकिन अब क्या करूं, तस्वीर भी मेरी उस तस्वीर का रंगरेज़ भी मैं तस्वीर की ' तुम ' भी मेरी तुम्हारा ' वो ' भी मेरा वो पन्ना भी मेरा। बीते याद की तस्वीरें कई और भी हैं तुम्हारी जिन्हें बनाना चाहता हूं मैं आज जिसमें सिर्फ तुम और मैं हों, अकेले याद शहर के उस सड़क के छोर पे भी सिर्फ हम हो, अकेले।  स्याही की नब्ज़ भी तेज़ है  पर  जगह नहीं है अब डायरी में  ये ऐश ट्रे पूरी भर गई है। 

साथी

रातों को रात भर देखने की आदत हो गई थी इन नंगी आंखों को जब तुम थे मिले आंखें बंद.......बातें बंद, सिर्फ सांसें सुनते थे हमदोनो सुबह तक.....फोन पर बेहिसाब। सुबह का खाना रात का भोज  सब बंद सा, जैसे तृप्त था मैं। मिलन से पहले बीते दिनों की अमावस की रात याद है मुझे, कितनी काली होती थी ये- जैसे मेरा रंग मेरा ढंग मेरा अंग मेरी सुबह। अब के जब तुम मिले हो तो थोड़ा ठहरो साथ बैठकर रोक लो मुझे भीड़ में भीड़ हो जाने से। थोड़ी कोशिश तुम करो थोड़ा मैं भी कर ही लूंगा मान लेंगे उम्रदराज लोगों की बातें ठंड की अनचाही बारिश में कि जब यहां तक रोक कर रखा है तुमने खुद को मेरे साथ, तो सुनो आज सालगिरह है हमारी आज तो जाने की ज़िद ना करो।

Writer's block

बचा नहीं कुछ लिखने को या लिखना भूल सा गया हूं मैं या आता ही नहीं था कभी लिखना और लिखावट भी शायद झूठ होगी। यूं कि लोग वही.....कहानी वही बस चेहरे नए... निशानी वही। थोड़ा प्रेम, थोड़ी बहस....बाद का पता नहीं शायद तुम्हें भी नहीं। अगर मैं कहूं- जिए हुए शामों को आधा-पौना फिर से जीना उधार सा लगता है। तुम्हे भी? बताओ ना। तुम कुछ नया जी रहे हो क्या? साजन-ईला, जॉर्डन-हीर देव-पारो, आदित्य-गीत इनमें से कोई हो तुम? दिल में कुछ नाम हैं जो अभी भी याद से हैं? या फिर रोज़ का वही बातूनी प्रेम जो प्रेम नहीं है....जो साफ़-साफ़ उसे भी नहीं दिखता, और, शायद तुम्हे भी नहीं।

सपने

तुम्हें भूले हफ्ते हो गए हैं अब, और तुम्हे खोए भी सच कहूं, याद किया भी नहीं जाता अब। यूं कि सिर्फ तुम ही नहीं तुम्हारे जैसी किसी और को भी भूलता रहता हूं कभी कभी। पता है? कल सपने में आयी थी तुम खुद कैसा था, ठीक-ठीक याद नही, अंधेरा जो था, रात जो थी। लेकिन, तुम वैसी की वैसी, वही- तुम, वही रूप रंग विदेशी जैसे धूप। और, अनजाने रिश्ते के धागे से रात भर खींचती रही तुम और खिचता गया मैं। बेमतलब - बेहिसाब, और उस सपने में तुम और मैं कम, हमारा बचपन ज़्यादा होता है हर-बार। कक्षा आठ-नौ-दस यही हर बार होता है उन सपनों में। थक कर, उन सपनों को बेच कहानियां बेचना चाहता हूं मैं अब, जिन में ना तुम हो ना आनेवाली ज़िन्दगी में तुम्हारे सपने।